
- बीएसएफ की त्वरित कार्रवाई से नाकाम हुई घुसपैठ
- हाफ जैकेट और मनकों की माला ने बढ़ाई संदिग्धता
- क्या फिरोजपुर बना है नया घुसपैठिया रूट?
फिरोजपुर। ऑपरेशन सिंदूर के एक दिन बाद ही पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फिर से पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई। बीएसएफ ने फिरोजपुर के ममदोट सेक्टर में लक्खा सिंह वाला चौकी के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। यह कार्रवाई 7-8 मई की रात करीब 2:30 बजे की गई जब बीएसएफ जवानों ने बॉर्डर पिलर नंबर 207/1 के पास संदिग्ध हरकत देखी।
जवानों ने जब घुसपैठिए को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। इसके बाद सतर्क जवानों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद घुसपैठिए के शव को कब्जे में लेकर फिरोजपुर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां 72 घंटे तक पहचान के लिए शव को रखा जाएगा।
हाफ जैकेट और मनकों की माला पहने था घुसपैठिया
बीएसएफ के अनुसार, मारे गए घुसपैठिए के पास से कोई हथियार या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। उसने काले रंग की सलवार-कमीज और ऊपर से एक गंदी हाफ जैकेट पहन रखी थी, जो देखने में बुलेटप्रूफ जैसी लग रही थी। उसके गले में मनकों की माला थी, नाखून काफी बड़े थे और शरीर कमजोर था। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि वह किन इरादों से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला, पुलिस ने दी चुप्पी
स्थानीय पुलिस ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है और कहा है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। वहीं, सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. राजविंद्र कौर ने बताया कि बीएसएफ मामले की निगरानी कर रही है और आगे की कार्रवाई भी वही करेगी।








