अंबेडकरनगर। कटेहरी विकासखंड की सारंगपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर भुगतान को लेकर सवाल उठे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अगस्त और सितंबर में कुछ ऐसे कार्यों के नाम पर मजदूरी और सामग्री का भुगतान किया गया, जो मौके पर हुए ही नहीं। खड़ंजा निर्माण का काम भी अभिलेखों में दिखाए जाने का आरोप है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
मौके पर काम नहीं, भुगतान पर सवाल
ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत में कई कार्य कागजों पर पूरे दिखाए गए। आरोप है कि इनके लिए भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। मौके पर खड़ंजा या अन्य बड़े निर्माण कार्य दिखाई नहीं देने का दावा किया जा रहा है।
ग्रामीणों का सवाल है कि यदि बड़े कार्यों की स्वीकृति नहीं हुई थी तो पंचायत में खड़ंजा निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए स्वीकृति और भुगतान किस आधार पर हुआ। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-teacher-election-23-october/
आवास योजना और स्कूल का मामला भी उठाया
ग्रामीणों ने आवास योजना के नाम पर पैसे मांगने का आरोप भी लगाया है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय खरूवाव में बिना काम कराए धन के उपयोग का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि इन मामलों की अलग-अलग जांच कराई जानी चाहिए।
ई-ग्राम स्वराज के रिकॉर्ड की जांच की मांग
ग्रामीणों ने ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज कार्यों की भी जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि पुराने कार्यों को मरम्मत या रिपेयर के नाम पर दोबारा दर्शाकर भुगतान का रास्ता बनाया गया हो सकता है।









