अंबेडकरनगर में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी का दुकान में मिला शव, अंदर से बंद था शटर

रात में दुकान पर सोने गए थे रणजीत वर्मा, सुबह काफी देर तक शटर नहीं खुलने पर लोगों को हुई अनहोनी की आशंका; पुलिस ने ताला कटवाकर खुलवाई दुकान

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी का शव उसकी दुकान में मिला। अकबरपुर-टांडा मुख्य मार्ग पर डीएम आवास के बगल स्थित प्रेम ट्रेडर्स के संचालक रणजीत वर्मा (35) का शव दुकान के अंदर पंखे से लटका मिला। दुकान का शटर अंदर से बंद था। सुबह काफी देर तक दुकान नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ताला कटवाकर दुकान खुलवाई।

मृतक की पहचान अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के दहीरपुर गांव निवासी रणजीत वर्मा पुत्र रामप्रकाश के रूप में हुई। वह अकबरपुर-टांडा मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उनकी दुकान अच्छी चलती थी और वह मिलनसार स्वभाव के थे।

रात नौ बजे दुकान बंद कर घर गए थे रणजीत

परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे रणजीत दुकान बंद करके घर खाना खाने गए थे। भोजन करने के बाद रात करीब 10 बजे वह दोबारा दुकान पर लौट आए। उन्होंने रात में दुकान पर ही सोने की बात कही थी। इसके बाद वह दुकान के अंदर चले गए।

शुक्रवार सुबह काफी देर तक दुकान का शटर नहीं खुला। आसपास के दुकानदारों और लोगों ने पहले इंतजार किया, लेकिन जब कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने परिजनों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button