अंबेडकरनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्राओं के लिए प्रस्तावित नए छात्रावास का निर्माण परिसर में लगे टीनशेड के कारण बाधित हो रहा है। 24 छात्राओं की क्षमता वाले इस छात्रावास के लिए निर्धारित जगह खाली नहीं हो पा रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीके यादव ने टीनशेड हटवाने के लिए कार्यदायी संस्था को पत्र भेजा है। साथ ही जिलाधिकारी समेत अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय में छात्राओं की आवासीय सुविधा बढ़ाने के लिए नया छात्रावास बनाया जाना है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था एनपीसीसी को दी गई है। एनपीसीसी ने निर्माण कार्य के लिए लखनऊ की मैसर्स सूरत कंस्ट्रक्शन से करार किया है। निर्माण शुरू कराने के लिए निर्धारित स्थल को खाली कराना जरूरी है, लेकिन वहां वाहनों को खड़ा करने के लिए बना टीनशेड बाधा बना हुआ है। इसके चलते निर्माण कार्य शुरू करने में परेशानी आ रही है।
मौखिक कहने पर भी नहीं हटाया टीनशेड
प्रधानाचार्य वीके यादव के अनुसार, परिसर में टीनशेड लगाने वाले शिक्षक एके शर्मा से इसे हटाने के लिए कई बार मौखिक रूप से कहा गया। इसके बावजूद टीनशेड नहीं हटाया गया। प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया कि इस संबंध में बात करने पर शिक्षक ने गाली-गलौज की और धमकी दी। इसके बाद उन्होंने मामले को लेकर कार्यदायी संस्था को पत्र भेजा। साथ ही जिलाधिकारी समेत अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत कर टीनशेड हटवाने और शिक्षक के खिलाफ विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई कराने की मांग की है।









