अंबेडकरनगर। पोषण माह के तहत जलालपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत आजनपारा में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन शिक्षण केंद्र और यूपी फोर्सेस के सहयोग से हुए कार्यक्रम में नारी संघ की महिलाओं, किशोरियों, पुरुषों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों से उनके रोजाना के खान-पान पर बातचीत की गई। बच्चों के भोजन से जुड़ी आदतों की भी जानकारी ली गई। कार्यक्रम समन्वयक हेमलता ने जंक फूड, स्थानीय खाद्य पदार्थ और संतुलित आहार के महत्व पर चर्चा की।
बच्चों के भोजन में दाल, सब्जी और फल जरूरी
कार्यक्रम में बताया गया कि जंक फूड और अधिक तला-भुना भोजन बच्चों के नियमित आहार का हिस्सा नहीं होना चाहिए। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित भोजन जरूरी है।
भोजन में अनाज, दालें, हरी और मौसमी सब्जियां, फल, दूध और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों से आसपास उपलब्ध खाद्य पदार्थों के उपयोग को लेकर भी संवाद किया गया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-tanda-shramik-health-camp/
खान-पान की आदतों में बदलाव पर जोर
कार्यक्रम में परिवारों से बच्चों में पौष्टिक भोजन की आदत विकसित करने पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा किए और पोषण से जुड़े सवाल पूछे।
कार्यक्रम के अंत में लोगों ने जंक फूड का सेवन कम करने और स्थानीय पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
जन शिक्षण केंद्र और यूपी फोर्सेस की ओर से बताया गया कि समुदाय में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।









