
अंबेडकरनगर। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन मास और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चिन्हित कांवड़ यात्रा मार्गों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और दो दिन के भीतर प्रमुख मार्गों को श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम बनाने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन पुल के पहुंच मार्ग को प्राथमिकता
बैठक में जिलाधिकारी ने सेतु निगम, बस्ती के अधिकारियों को मया-टांडा मार्ग पर निर्माणाधीन ऊपरिगामी पुल के पहुंच मार्ग को दो दिन के भीतर आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
एनएचएआई और जल निगम को भी तय समयसीमा
जिलाधिकारी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को एनएच-135ए पर बने गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए। वहीं जल निगम को लोक निर्माण विभाग की क्षतिग्रस्त सड़कों को दो दिन के भीतर दुरुस्त कराने के लिए कहा, ताकि पूरे यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु बना रहे।
दो दिन बाद फिर होगी जमीनी हकीकत की समीक्षा
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि दो दिन बाद सभी चिन्हित कांवड़ मार्गों का दोबारा स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों का सत्यापन करें। इसके बाद अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों का नियमित निरीक्षण करते रहें। उन्होंने कहा कि सभी मार्ग सुरक्षित, सुदृढ़ और पूरी तरह आवागमन योग्य बनाए जाएं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।









