मोबाइल लैब की जांच में 24 खाद्य नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे

तीन दिन में 42 प्रतिष्ठानों से मिठाई, मसाले और दुग्ध उत्पादों के 127 नमूनों की मौके पर हुई जांच, कारोबारियों को सुधार के निर्देश

अंबेडकरनगर। खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच और सुरक्षित खानपान के प्रति जागरूकता के लिए जिले में तीन दिवसीय अभियान चलाया गया। एक से तीन नवंबर तक मोबाइल प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू वैन) के माध्यम से 42 खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच की गई। इस दौरान मिठाई, मसाले, फास्ट फूड सामग्री और दुग्ध उत्पादों के कुल 127 नमूनों की मौके पर जांच हुई। इनमें 24 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

जांच में खाद्य रंग की मात्रा अधिक मिलने के कारण लड्डू, बतीसा, बिरयानी और वेज कबाब समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 16 नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले। मिठाइयों के छह नमूनों में स्टार्च की मौजूदगी पाई गई। इसके अलावा चीज का एक और मसाले का एक नमूना भी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। संबंधित खाद्य कारोबारियों को कमियों की जानकारी देकर उनमें सुधार करने के निर्देश दिए गए।

11 स्थानों पर पहुंची मोबाइल प्रयोगशाला

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के इस अभियान के तहत मोबाइल प्रयोगशाला लोहिया भवन, चनवा चौराहा, रामपुर सकरवारी, बेवाना, कलेक्ट्रेट के निकट, पटेल तिराहा, अकबरपुर बस स्टॉप, पहितीपुर रोड शहजादपुर, संघतिया नाका शहजादपुर, मौहरिया बाईपास और निबियहवा पोखरा सहित 11 स्थानों पर पहुंची।

इस दौरान लगभग 259 खाद्य कारोबारियों और आम लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की घरेलू स्तर पर जांच करने के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button