कांदीपुर की रामलीला को स्थायी ठिकाना दिलाने की पहल

भूमि प्रबंधन समिति ने 0.063 हेक्टेयर जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव भेजा, पूर्व सांसद और विधायक ने डीएम से मांगी मंजूरी

अंबेडकरनगर। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के कांदीपुर में वर्षों से आयोजित हो रही रामलीला को स्थायी मंचन स्थल मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रामसभा की भूमि प्रबंधन समिति ने रामलीला समिति के नाम जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता रितेश पांडेय और जलालपुर विधायक राकेश पांडेय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजा है।

प्रस्ताव में गाटा संख्या 1254 की 0.063000 हेक्टेयर भूमि रामलीला समिति को आवंटित करने की बात कही गई है। इसी स्थान पर लंबे समय से रामलीला का मंचन होता आ रहा है। जमीन आवंटित होने से समिति को आयोजन और उसकी तैयारियों के लिए स्थायी स्थान मिल सकेगा। इससे हर साल होने वाले मंचन के लिए स्थान को लेकर अनिश्चितता भी दूर हो सकेगी।

सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी उपयोग की योजना

भूमि आवंटन के प्रस्ताव में रामलीला मंचन के साथ इस स्थान को सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की बात भी शामिल है। इससे रामलीला के आयोजन के अलावा अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के लिए भी स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

रितेश पांडेय और विधायक राकेश पांडेय ने जिलाधिकारी से ग्रामसभा की भूमि प्रबंधन समिति के प्रस्ताव पर विचार कर स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। फिलहाल प्रस्ताव प्रशासन के स्तर पर मंजूरी की प्रतीक्षा में है। स्वीकृति मिलने के बाद ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button