- चिराग पासवान ने लखनऊ में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन पर की घोषणा
- 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपना संगठन मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने जमुई से सांसद अरुण भारती को उत्तर प्रदेश में संगठन खड़ा करने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें प्रदेश में राजनीतिक आधार बढ़ाने से लेकर जिला और विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम दिया गया है।
लखनऊ से संभालेंगे प्रदेश की जिम्मेदारी
18 नवंबर को लखनऊ में पार्टी के प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अरुण भारती को यह जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की। अरुण भारती जमुई से लोकसभा सांसद हैं और चिराग पासवान के जीजा हैं। वह लखनऊ में रहकर प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों और संगठन विस्तार की निगरानी करेंगे।
403 विधानसभा सीटों पर तैयारी
पार्टी की योजना प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारी करने की है। इसके तहत अरुण भारती को नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने, जिला और विधानसभा स्तर पर संगठन का नेटवर्क मजबूत करने तथा स्थानीय नेताओं के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरणों, पार्टी की जमीनी स्थिति और संभावित उम्मीदवारों के बारे में फीडबैक जुटाना होगा। इस जानकारी के आधार पर पार्टी आगे की चुनावी रणनीति तैयार करेगी।
गठबंधन पर फैसला अभी बाकी
चिराग पासवान ने स्पष्ट किया है कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है, लेकिन 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा जाएगा या किसी गठबंधन के साथ, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। फिलहाल पार्टी का जोर संगठन विस्तार और जनाधार बढ़ाने पर है।









