अंबेडकरनगर। रामनगर बाजार स्थित स्पा सेंटर में अजय निषाद की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिलाधिकारी से शिकायत और निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद भी परिजन पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि मामले के मुख्य संचालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, हिरासत में लिए गए कथित प्रबंधक प्रवीण कुमार को भी पुलिस ने थाने से छोड़ दिया है। स्पा सेंटर भी अब तक सील नहीं किया गया है।
सोमवार को भाजपा जिला मंत्री अभिषेक निषाद के नेतृत्व में परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। भाजपा विधायक धर्मराज निषाद की मौजूदगी में उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, स्पा सेंटर को सील करने, फरार संचालक और अन्य जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी तथा आलापुर थानाध्यक्ष की भूमिका की जांच कराने की मांग रखी थी। इसके अलावा परिवार ने आर्थिक सहायता की भी मांग की थी।
प्रबंधक को छोड़ने पर परिजनों ने उठाए सवाल
परिजनों का कहना है कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
परिजनों ने कथित प्रबंधक प्रवीण कुमार को थाने से छोड़े जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गंभीर मामले में पूछताछ और जरूरी साक्ष्य जुटाए बिना उन्हें क्यों छोड़ा गया। पुलिस की ओर से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर प्रवीण कुमार को दोबारा बुलाया जा सकता है।
स्पा सेंटर सील करने की मांग
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी संबंधित स्पा सेंटर को सील नहीं किया गया है। उन्होंने रामनगर बाजार के अन्य संदिग्ध प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, पंजीकरण और गतिविधियों की भी जांच कराने की मांग की है।









