
- अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में भव्य स्वागत
- पत्नी कामना और बेटे किआंश के साथ पहुंचे शुभांशु
- एयरपोर्ट से रोड शो, स्कूल में हुआ भावुक पल
लखनऊ। अंतरिक्ष यात्रा से लौटे एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला 41 दिन बाद सोमवार को अपने गृह नगर लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर हजारों लोगों ने तिरंगा लहराकर और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका स्वागत किया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव किया।
शुभांशु की पत्नी कामना और 6 वर्षीय बेटा किआंश भी उनके साथ थे। एयरपोर्ट से वे थार जीप और फिर रथ पर सवार होकर रोड शो करते हुए अपने बचपन के स्कूल सिटी मॉन्टेसरी पहुंचे। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शुभांशु की मां आशा शुक्ला और बहन भावुक हो गईं। मां ने बेटे को गले लगाकर रोते हुए स्वागत किया। छात्रों के सवालों के जवाब में शुभांशु ने ट्रेनिंग के अनुभव साझा किए। इस दौरान पत्नी कामना पर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा—“कामना विजनरी हैं और जानती हैं कि कौन-सी चीज आगे काम आएगी।” इस जवाब पर हॉल तालियों से गूंज उठा।
इसके बाद शुभांशु ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। लोकभवन में उनके सम्मान में नागरिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शुभांशु Axiom-4 मिशन के तहत 20 दिन तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहने के बाद 15 जुलाई 2025 को धरती पर लौटे थे। पीएम मोदी ने 18 अगस्त को उनसे मुलाकात की थी। करीब 18 महीने बाद शुभांशु अपने शहर पहुंचे हैं।








