अंबेडकरनगर। जमुनीपुर बाजार में सोमवार रात दो पक्षों के बीच विवाद ने तनाव की स्थिति पैदा कर दी। प्रधान सुभाष वर्मा करीब 25 समर्थकों के साथ दूसरे पक्ष के लोगों से आमने-सामने हो गए। कहासुनी के दौरान दोनों ओर से असलहे लहराए जाने का आरोप लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। पुलिस ने कुछ लोगों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज किया है। एहतियातन बाजार में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
घटना रात करीब सात बजे की है। प्रधान सुभाष वर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग अवैध असलहे लेकर बाजार में घूम रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रधान अपने समर्थकों के साथ मोनू सिंह, सोनू सिंह, विवेक यादव और तीन अन्य लोगों से विवाद करते मिले। दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो रही थी। इस दौरान असलहे लहराने की बात भी सामने आई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभाली।
घटना के बाद पुलिस ने विवाद में शामिल कुछ लोगों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज किया। बाजार में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि विवाद के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी हुई है। उन्हें आशंका है कि फिर से झगड़ा हो सकता है।
वर्चस्व की होड़ में पहले भी हो चुका है हंगामा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जमुनीपुर बाजार में अलग-अलग गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं। कुछ लोगों पर बाजार में दबदबा कायम करने और वसूली के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। ताजा घटना के बाद बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है।









