राम मंदिर चढ़ावा केस में अविनाश 24 घंटे की पुलिस कस्टडी में

चोरी की रकम से खरीदी बाइक बरामद करने प्रतापगढ़ पहुंची पुलिस, SIT ने ट्रस्टी अनिल मिश्रा और गोपाल राव को फिर बुलाया।

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस ने 24 घंटे की कस्टडी में ले लिया है। शुक्रवार सुबह पुलिस अयोध्या जेल पहुंची और अविनाश को पुलिस लाइन लाकर करीब दो घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस उसे लेकर प्रतापगढ़ रवाना हो गई।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में जानकारी मिली है कि अविनाश ने कथित तौर पर चढ़ावे की रकम से एक मोटरसाइकिल खरीदी थी। इसी बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस उसे उसके पैतृक घर प्रतापगढ़ लेकर गई है। साथ ही यह भी पता चला है कि उसने चढ़ावे में मिले सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अलग-अलग स्थानों पर छिपाई है। पुलिस उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर भी जांच कर सकती है।

अविनाश शुक्ला प्रतापगढ़ जिले का निवासी है और राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती का कार्य करता था। वह अयोध्या में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार उसके कमरे से करीब 20 लाख रुपये नकद, 1000 अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण और ‘रामराज्य कोष’ लिखा एक बक्सा बरामद हुआ था।

उधर, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। दोनों से बैंक खातों का विवरण और मंदिर कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज लाने के लिए कहा गया है। इससे पहले गुरुवार को दोनों से बंद कमरे में करीब पांच घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button