हजपुरा। क्षेत्र के बड़ेपुर में सोमवार को शंकर जी महाराज बाबा औघड़ दास प्रबंध समिति की देखरेख में ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया गया। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक चलता रहा। दिनभर मेले में चहल-पहल बनी रही। लोगों ने दुकानों पर खरीदारी की और खानपान का आनंद लिया।
मेले में सजी दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। चाट और चाऊमीन की दुकानों पर खासा जमावड़ा रहा। वहीं, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी महिलाओं और युवतियों ने अपनी पसंद का सामान खरीदा। बच्चों ने खाने-पीने की चीजों का आनंद लिया, जबकि युवा और अन्य लोग मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए। अलग-अलग दुकानों पर लोगों की आवाजाही से पूरे दिन मेले में रौनक बनी रही।
राम, लक्ष्मण और सीता की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
मेले में राम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। झांकी देखने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। मेले में खरीदारी और झांकी देखने के लिए पहुंचे लोगों की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर दिनभर चहल-पहल रही।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार नौहवार और थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने मेले का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व्यवस्था की निगरानी की गई।









