- 15 जुलाई तक लगेंगे पुस्तक विक्रय शिविर, कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की नई व्यवस्था
अम्बेडकरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की अधिकृत पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में विशेष पुस्तक विक्रय शिविर लगाए जाएंगे। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 15 जुलाई तक सभी विकासखंडों में निर्धारित विद्यालयों पर यह शिविर आयोजित होंगे। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने नौ विद्यालयों को पुस्तक विक्रय केंद्र नामित करते हुए निर्देश जारी किए हैं।
यह व्यवस्था ऐसे समय लागू की गई है, जब कुछ विद्यालयों में परिषद की निर्धारित पुस्तकों के बजाय अनधिकृत प्रकाशकों की किताबें चलाए जाने और विद्यार्थियों को उन्हें खरीदने के लिए बाध्य करने की शिकायतें सामने आई थीं। डीआईओएस कार्यालय के परीक्षा विभाग ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकृत प्रकाशकों और वितरकों के माध्यम से पुस्तक उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की है।
विद्यार्थियों को एक स्थान पर मिलेंगी निर्धारित पुस्तकें
पुस्तक विक्रय शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को परिषद की अधिकृत पाठ्यपुस्तकें आसानी से उपलब्ध कराना है। इससे निर्धारित पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और विद्यार्थियों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही, केवल अधिकृत पुस्तकों की बिक्री होने से अनधिकृत प्रकाशनों की खरीद को लेकर उठ रहे विवाद पर भी रोक लगेगी।
इन नौ विद्यालयों में लगेंगे शिविर
जिले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर, एचटी इंटर कॉलेज टांडा, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज जलालपुर, जनता इंटर कॉलेज नेवादा (भियांव), गांधी स्मारक इंटर कॉलेज जहांगीरगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आलापुर (रामनगर), श्री हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज बसखारी, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीटी को पुस्तक विक्रय केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर अधिकृत प्रकाशकों और वितरकों की ओर से पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।









