बेंगलुरु। बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जूते और बैग की मरम्मत करने वाली एक दुकान में घुसे 40 वर्षीय व्यक्ति ने 23 साल की महिला कर्मचारी को निशाना बनाया। आरोपी ने महिला के गले पर चाकू रखकर उसका करीब 4.5 लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र लूट लिया।
वारदात के दौरान आरोपी ने महिला के दोनों हाथ फेवीक्विक से चिपका दिए और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि वह मदद के लिए आवाज न लगा सके। घटना के समय महिला दुकान में अकेली थी। हालांकि, जब उसने किसी तरह खुद को छुड़ाकर शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
हेलमेट और दस्ताने पहनकर दुकान में घुसा आरोपी
यह घटना 31 अक्टूबर को इंदिरानगर की 100 फीट रोड स्थित एक दुकान में हुई। 23 वर्षीय महिला वहां रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। इसके साथ ही वह दुकान के रोजाना के लेन-देन का हिसाब भी संभालती है।
जानकारी के मुताबिक, महिला सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंची थी। इसके लगभग पौने 12 बजे हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ। आरोपी ने अंदर आते ही रिसेप्शन काउंटर फांद दिया और सीधे महिला के पास पहुंच गया।
उसने महिला से कहा कि कोई उसे मारने आ रहा है और उसे चिल्लाने से मना किया। महिला को आरोपी की हरकतों पर शक हुआ और उसने दुकान के मालिक को फोन करने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने उसे ऐसा करने से रोक दिया और जबरन बैठा दिया।
महिला का मुंह दबाया, चाकू से किया हमला
आरोपी ने महिला को काबू में करने के लिए उसका मुंह दबा दिया। इस दौरान उसने महिला के गले और हाथों पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसे धमकी दी कि अगर उसने आवाज उठाई तो वह उसे मार देगा।
महिला को डराने के बाद आरोपी ने उसके दोनों हाथों पर फेवीक्विक लगा दिया। उसने दोनों हाथों को आपस में चिपका दिया, जिससे महिला के लिए खुद को छुड़ाना मुश्किल हो गया।
आरोपी ने इसके बाद मेज पर रखा एक कपड़ा उठाया और महिला के मुंह में ठूंस दिया। इस तरह उसने महिला को शोर मचाने और आसपास के लोगों से मदद मांगने से रोकने की कोशिश की।









