लखनऊ विश्वविद्यालय में विपक्ष के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन

पुलिस से धक्का-मुक्की- बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश, पुलिस ने रोका

  • डिंपल, अखिलेश, राहुल और केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी
  • पेपर लीक मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
  • विश्वविद्यालय गेट पर छात्रों और पुलिस में धक्का-मुक्की

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव, अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में इन नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक मामलों पर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाए।

पेपर लीक को लेकर लगाए आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि जिन राज्यों में गैर-एनडीए सरकारें हैं, वहां भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उनका आरोप था कि विपक्षी नेता पंजाब, कर्नाटक, केरल और झारखंड जैसे राज्यों में हुई कथित परीक्षा अनियमितताओं पर चुप हैं, जबकि दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं।

पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

दोपहर करीब 12 बजे छात्र विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 (आजाद द्वार) पर एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू की। इसके बाद जब प्रदर्शनकारी सड़क की ओर बढ़ने लगे तो पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई तथा कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाने की भी कोशिश की।

विश्वविद्यालय परिसर में रोका गया प्रदर्शन

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को विश्वविद्यालय परिसर के अंदर ही रोक लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button