WhatsApp पर बिना नंबर भी होगी चैट, यूजरनेम फीचर शुरू

यूजरनेम के जरिए होगी पहचान, मोबाइल नंबर साझा किए बिना कर सकेंगे बातचीत

नई दिल्ली। अब WhatsApp पर किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करना जरूरी नहीं रहेगा। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने बहुप्रतीक्षित यूजरनेम फीचर की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। इस फीचर के जरिए यूजर्स केवल यूजरनेम की मदद से एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे, जिससे उनकी गोपनीयता पहले से अधिक सुरक्षित रहेगी।

कंपनी ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि यह सुविधा सभी यूजर्स को एक साथ उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। आने वाले महीनों में इसे चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग देशों में रोल आउट किया जाएगा। जब यह फीचर किसी यूजर के क्षेत्र में उपलब्ध होगा, तब WhatsApp ऐप के भीतर नोटिफिकेशन के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाएगी।

कंपनी का कहना है कि शुरुआती दौर में अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित करना फायदेमंद रहेगा, क्योंकि दुनियाभर में करोड़ों यूजर्स एक जैसे या मिलते-जुलते यूजरनेम चुन सकते हैं। ऐसे में जो पहले यूजरनेम रिजर्व करेगा, उसके मनचाहा नाम मिलने की संभावना अधिक रहेगी।

WhatsApp के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि सही समय पर कदम उठाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से जल्द अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित करने की अपील करते हुए कहा कि यह फीचर लोगों से जुड़ने का अधिक निजी और सुरक्षित तरीका साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button