CJP प्रदर्शन से पहले हरियाणा बॉर्डर सील, सुरक्षा कड़ी

दिल्ली जाने वाले प्रमुख बॉर्डरों पर सख्त निगरानी

  • कई किसान नेता और CJP समर्थक डिटेन
  • शंभू बॉर्डर पर धारा 163 लागू
  • कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर 4 किमी लंबा जाम
  • संसद घेराव और महापंचायत को लेकर अलर्ट

चंडीगढ़। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित संसद घेराव और किसान संगठनों की महापंचायत को देखते हुए हरियाणा सरकार ने दिल्ली से लगने वाले प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई सीमाओं को सील कर दिया गया है, जबकि विभिन्न जिलों में किसान नेताओं और CJP समर्थकों को हाउस अरेस्ट करने के साथ कई लोगों को डिटेन किया गया है।

एक ओर CJP समर्थक संसद का घेराव करने की तैयारी में हैं, वहीं किसान संगठन अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील के विरोध में देशव्यापी महापंचायत आयोजित कर रहे हैं। इसे देखते हुए हरियाणा से दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले मार्गों पर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।

रोहतक, सोनीपत, अंबाला, कुरुक्षेत्र, झज्जर, पानीपत और करनाल सहित 12 जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अंबाला के शंभू बॉर्डर पर धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश 27 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगा।

उधर, सोनीपत के कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब चार किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। हरियाणा पुलिस ने कुंडली थाना के पास वज्र वाहन तैनात किए हैं और दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों की गहन जांच के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button