
- रविवार शाम लौटे, कुछ ही पलों में जिंदगी खत्म
- मकान मालिक ने देखा गिरते हुए, तुरंत पहुंचाया अस्पताल
- कोई चोट के निशान नहीं, लेकिन मौत बनी रहस्य
लखनऊ। गौतमपल्ली क्षेत्र में रविवार रात एचडीएफसी बैंक विकासनगर शाखा में तैनात डिप्टी ब्रांच मैनेजर धीरेंद्र औढ़ियाल (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह जियामऊ इलाके में किराए पर रहते थे और हाल ही में पांच दिन के आधिकारिक टूर पर केरल गए थे। रविवार देर शाम जैसे ही वह घर लौटे, दरवाजे पर ही अचानक गिर पड़े।
मकान मालिक ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद मकान मालिक ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों को पहले से थी तबीयत को लेकर चिंता
धीरेंद्र के मौसेरे भाई संजय ने बताया कि वह नैनीताल के मूल निवासी थे और लखनऊ में अकेले रहते थे। वह अविवाहित थे और उनके परिवार में पिता हरीश और दो बहनें हैं। परिजनों और सहकर्मियों को आशंका है कि केरल दौरे के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन उन्होंने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।









