कानपुर। कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक युवती पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम ने चलती कार में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट की और बाद में कार रोककर उसे बाहर घसीट लिया। इसके बाद ईंट से सिर और चेहरे पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। देवाशीष निगम अपनी अमेज कार से युवती को लेकर बिठूर के ब्रह्मघाट की ओर जा रहा था। मॉडल डेयरी के सामने रेलवे ट्रैक की सर्विस लेन पर दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कार रोककर युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि युवती ने खुद को बचाने के लिए कार का दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन आरोपी ने ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया और उसे बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद उसने ईंट से युवती के सिर और शरीर पर कई वार किए।
युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता आईआईटी कानपुर में कार्यरत है। उसका आरोप है कि देवाशीष उस पर शादी का दबाव बना रहा था। जब उसने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी देवाशीष निगम स्वरूप नगर स्थित राज टावर का निवासी है। उसकी मां चंद्रा निगम सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जबकि पिता रमेश शंकर निगम का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है।









