
- देश में एक्टिव कोरोना केस 3976 तक पहुंचे
- 10 दिनों में मामलों में 15 गुना वृद्धि
- केरल में सबसे ज्यादा 1435 केस, महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर
नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना वायरस ने रफ्तार पकड़ ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, बीते 10 दिनों में कोविड-19 के मामलों में 15 गुना इजाफा हुआ है। फिलहाल देश में एक्टिव केसों की संख्या 3,976 तक पहुंच गई है। सबसे अधिक केस केरल में दर्ज किए गए हैं जहां 1,435 एक्टिव मरीज हैं। इसके बाद महाराष्ट्र (506), कर्नाटक (253) और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में भी मामलों में तेजी आई है।
बीते 24 घंटे में 6 मौतें, कुल मृतकों की संख्या 34 हुई
कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा है। बीते 24 घंटों में 6 लोगों की मौत हुई है, जिससे कुल मृतकों की संख्या 34 हो गई है। सोमवार को अहमदाबाद में 18 वर्षीय गर्भवती महिला और 47 वर्षीय महिला की जान गई, जबकि रविवार को दिल्ली में 22 वर्षीय युवती और तमिलनाडु में 25 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हुई थी।
कर्नाटक सरकार की चेतावनी: मास्क पहनें, सतर्क रहें
कर्नाटक सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की गई है। बुखार, खांसी, सांस में दिक्कत या सीने में दर्द जैसे लक्षणों पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।
केंद्र सरकार की तैयारी: ICU और ऑक्सीजन प्लांट की समीक्षा
केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी राज्यों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि कोविड की पिछली लहरों के दौरान बनाए गए ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड आदि की समीक्षा की जा चुकी है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी है।
मिजोरम में 7 महीने बाद कोविड की वापसी
मिजोरम में 30 मई को दो नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। राज्य में यह मामले करीब सात महीने बाद सामने आए हैं। मरीजों का इलाज जोरम मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने की जगह कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र में अब तक 10 हजार से ज्यादा टेस्ट
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, 31 मई को राज्य में 68 नए केस सामने आए। जनवरी 2025 से अब तक मुंबई में 411 केस दर्ज हो चुके हैं। इसी अवधि में राज्य में 10,324 कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें 681 लोग पॉजिटिव पाए गए।
इधर, जम्मू-कश्मीर में भी दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों मरीज केरल से आए मेडिकल छात्र हैं जो श्रीनगर के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।
देश में सामने आए कोरोना के चार नए वैरिएंट
ICMR के अनुसार, देश में कोरोना वायरस के चार नए वैरिएंट—LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1—की पहचान हुई है। ये वैरिएंट मुख्य रूप से दक्षिण और पश्चिम भारत में देखे जा रहे हैं। NB.1.8.1 वैरिएंट में मौजूद स्पाइक प्रोटीन म्यूटेशन इसे ज्यादा संक्रामक बनाते हैं और यह वैक्सीन से बनी इम्यूनिटी को भी चकमा दे सकते हैं।
डॉ. राजीव बहल ने बताया कि भारत में फिलहाल JN.1 सबसे ज्यादा पाया जाने वाला वैरिएंट है, जो कुल मामलों के 50% से अधिक में मौजूद है। इसके बाद BA.2 (26%) और ओमिक्रॉन सबलाइनेज (20%) वैरिएंट्स हैं।
WHO ने इन वैरिएंट्स को ‘वॉच लिस्ट’ में रखा है लेकिन इन्हें फिलहाल ‘वेरिएंट ऑफ कंसर्न’ नहीं माना गया है।
सावधानी ही सुरक्षा है
विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। नियमित मास्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग और हाथ धोने की आदतें दोबारा अपनाने की सलाह दी गई है।








