मुबंई। वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दोनों टीमों के बीच 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में होने वाले मैच के टिकटों के लिए 84 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं। खास बात यह है कि जिस स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाएगा, उसकी दर्शक क्षमता करीब 34 हजार है। ऐसे में उपलब्ध सीटों की तुलना में टिकटों की मांग लगभग 247 गुना अधिक हो गई है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच के लिए अब तक कुल 83,97,294 टिकट आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह आंकड़ा बताता है कि दोनों देशों के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर दर्शकों में कितनी दिलचस्पी है। भारत और पाकिस्तान के मैच को क्रिकेट की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में गिना जाता है। यही वजह है कि वर्ल्ड कप शुरू होने से काफी पहले ही इस मुकाबले के टिकटों की मांग ने दूसरे सभी मैचों को पीछे छोड़ दिया है।
वर्ल्ड कप फाइनल के टिकटों के लिए भी भारी उत्साह
टिकटों की मांग के मामले में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद वर्ल्ड कप फाइनल दूसरे स्थान पर है। 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग के इसी स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए अब तक 79,00,944 रजिस्ट्रेशन मिले हैं।
इस तरह टूर्नामेंट के सबसे बड़े दो मुकाबलों को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्साह है। भारत-पाकिस्तान मैच और फाइनल के लिए आए आवेदनों के बीच अंतर भी बहुत ज्यादा नहीं है। दोनों मुकाबलों के लिए लाखों की संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने टिकट पाने की उम्मीद में रजिस्ट्रेशन कराया है।
हालांकि, आवेदन करने वाले सभी लोगों को टिकट मिलना संभव नहीं होगा। स्टेडियम की सीमित क्षमता के कारण टिकट आवंटन के लिए चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
21 नवंबर 2026 तक कर सकेंगे टिकट के लिए रजिस्ट्रेशन
ICC ने वर्ल्ड कप के टिकटों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 तक जारी रखने का फैसला किया है। इस दौरान इच्छुक दर्शक टिकट खरीदने के लिए अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं।
टिकटों की मांग उपलब्ध सीटों से अधिक होने की स्थिति में कंप्यूटराइज्ड रैंडम लॉटरी के जरिए आवेदकों का चयन किया जाएगा। यानी टिकट पाने के लिए पहले आवेदन करने वाले को प्राथमिकता नहीं मिलेगी। यह व्यवस्था पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं होगी।
रजिस्ट्रेशन के बाद लॉटरी प्रक्रिया के जरिए चुने गए आवेदकों को टिकट खरीदने का अवसर दिया जाएगा। ऐसे में केवल आवेदन कर देने से टिकट मिलने की गारंटी नहीं होगी। दर्शकों को चयन प्रक्रिया के परिणाम का इंतजार करना पड़ेगा।
193 देशों से आए 12 करोड़ से ज्यादा आवेदन
वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर दुनिया भर में क्रिकेट प्रेमियों की दिलचस्पी का अंदाजा ICC को मिले आवेदनों से लगाया जा सकता है। अब तक 193 देशों से टूर्नामेंट के टिकटों के लिए 12 करोड़ से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इनमें सबसे ज्यादा मांग दक्षिण अफ्रीका में होने वाले मुकाबलों के लिए देखने को मिली है। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाले 41 मैचों के लिए ही 10.5 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले हैं। वहीं, मेजबान दक्षिण अफ्रीका की टीम के मैचों के लिए करीब 2.6 करोड़ आवेदन दर्ज किए गए हैं।









