
- एसपी प्राची सिंह ने जारी किया आदेश
- कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर फोकस
- बेहतर पुलिसिंग के लिए समय-समय पर होंगे बदलाव
अम्बेडकरनगर। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जैतपुर थानाध्यक्ष का तबादला कर दिया है। इस आदेश के तहत जिले में दो उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पुलिस विभाग में यह फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
आदेश के अनुसार जैतपुर थाने के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार आजाद को पद से हटा दिया गया है। उन्हें अब अलीगंज थाने में सीनियर सब-इंस्पेक्टर (SSI) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं अलीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक प्रेमचंद्र को जैतपुर थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाना बताया गया है।
कानून-व्यवस्था सुधार पर फोकस
पुलिस अधीक्षक की ओर से किए गए इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार थानों में कामकाज की नियमित समीक्षा के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
एसपी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कार्य में लापरवाही या अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। थानों की कार्यप्रणाली को अधिक सक्रिय और परिणाममुखी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि थानों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारी तय है और काम में ढिलाई किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर पुलिसिंग और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए समय-समय पर कार्यक्षेत्र में बदलाव किया जाता रहेगा। जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।









