निहाल विहार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, पत्नी समेत 4 गिरफ्तार

  • घटना से पहले पत्नी ने घर का CCTV बंद किया
  • पत्नी के भाई-भाभी पर मारपीट का आरोप
  • चार महीने के जुड़वां बच्चों के पिता थे विनय

नई दिल्ली। दिल्ली के निहाल विहार में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत के मामले में जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को घटना से पहले विनय की पत्नी रेखा ने घर के अंदर लगा CCTV कैमरा बंद कर दिया था। इसके बाद रेखा के भाई और भाभी घर पहुंचे और विनय के साथ कथित तौर पर मारपीट की।

गंभीर रूप से घायल विनय की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने मामले में विनय की पत्नी रेखा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

बच्चे को दवा लगाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह विनय ने पत्नी से उनके बेटे के शरीर पर हुए छालों पर दवा लगाने के लिए कहा था। रेखा के मना करने पर दोनों के बीच बहस हो गई।

इसके बाद रेखा घर से बाहर चली गई और अपने भाई राजू, वेदप्रकाश तथा भाभी पूनम को बुलाया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घर पहुंचने के बाद घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा।

पिता बोले- बात करने के बहाने आए थे रिश्तेदार

विनय के पिता प्रेमचंद और मां रेणु गुप्ता भी उसी घर में रहते हैं। पिता के मुताबिक, रेखा के रिश्तेदारों ने बताया था कि वे विनय से बातचीत करने आए हैं।

प्रेमचंद ने बताया कि वह उनके लिए पानी लेने अंदर गए थे। कुछ देर बाद जब वापस लौटे तो उन्होंने विनय के साथ मारपीट होते देखी। उनकी पत्नी ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं मानी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button