लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ता हजरतगंज स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस पर एकत्र हुईं और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए गए और महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया गया। भाजपा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जनता के बीच गलत दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस कार्यालय के बाहर नारेबाजी, पोस्टर फाड़े
कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ताओं ने जमीन पर बैठकर तालियां बजाईं और नारेबाजी की। कुछ महिलाएं बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर भी फाड़ दिए।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने उठाए रोजगार और महंगाई के मुद्दे
प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि विरोध किस मुद्दे को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, नौकरियों की रिक्तियां नहीं निकलने और महंगाई बढ़ने जैसे मुद्दों पर नाराजगी जताई। इससे प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक मुद्दों के साथ आम लोगों से जुड़े सवाल भी सामने आए।
आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में जुटीं महिला कार्यकर्ता
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में महिला पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी SIR के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। पार्टी ने इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
सरोज कुशवाहा बोलीं- कांग्रेस ने नारी शक्ति का अपमान किया
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया दोहरा है। महिला मोर्चा महिलाओं के स्वाभिमान और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर चुप नहीं बैठेगा।
सरोज कुशवाहा ने कांग्रेस के एक सांसद पर महिलाओं और लड़कियों से जुड़े मामलों में बचाव करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए सरोज कुशवाहा ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना विरोध जारी रखेगा।









