मोहनलालगंज में तेज रफ्तार कार का कहर, सो रहे परिवार को रौंदा

देर रात अनियंत्रित कार दुकानों के टीन शेड तोड़ते हुए चारपाई पर सो रहे मजदूर परिवार में घुसी, दंपत्ति समेत पांच घायल

लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने कई दुकानों के टीन शेड तोड़ते हुए घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक मजदूर परिवार में जा घुसी। हादसे में बुजुर्ग दंपत्ति समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा 30 जून की रात करीब दो बजे हुआ। तेज रफ्तार कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से टकराई, फिर कई दुकानों और मकानों को नुकसान पहुंचाते हुए सीधे चारपाई पर सो रहे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तेज आवाज सुनकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

मजदूर दंपत्ति समेत पांच लोग घायल

हादसे में हरिराम (65), उनकी पत्नी रामलली (60), दीपक (30) और दो अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहनलालगंज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार, हरिराम दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि दीपक केले का ठेला लगाकर आजीविका चलाते हैं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

‘शराब के नशे में था चालक’ का आरोप

घायल परिवार ने आरोप लगाया है कि कार चला रहा व्यक्ति कथित रूप से शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। उनका कहना है कि चालक की लापरवाही के कारण यह गंभीर हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, वेन्यू कार (UP 32 KX 3689) अनियंत्रित होकर पहले ऑटो (UP 32 NZ 0274) से टकराई और उसके बाद कई मकानों से टकराते हुए सड़क किनारे सो रहे लोगों तक पहुंच गई। इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। मामले में शिकायत पत्र मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना के कारणों और चालक की स्थिति की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button