आईआईएम रोड पर भीषण आग, कई दुकानें खाक

  • मड़ियांव में देर रात लगी आग
  • कई दुकानें जलकर राख
  • आठ फायर टेंडरों ने पाया काबू
  • ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
  • आग के कारणों की जांच शुरू

लखनऊ। मड़ियांव क्षेत्र के मुक्तकीपुर स्थित आईआईएम रोड पर बुधवार देर रात करीब एक बजे सड़क किनारे बनी दुकानों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब आठ फायर टेंडरों की मदद से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। इस हादसे में न्यू भारत दूध डेयरी, फर्नीचर की दुकान, चाय की दुकान, नदीम जनरल स्टोर, वेल्डिंग की दुकान, किराना स्टोर, एसी रिपेयरिंग की दुकान समेत कई दुकानें जलकर राख हो गईं।

फायर विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना अग्निशमन केंद्र बख्शी का तालाब को मिली थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर सबसे पहले मौके पर पहुंचे, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंदिरानगर, चौक और हजरतगंज से अतिरिक्त दमकल वाहन, वाटर बाउजर और मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल को भी बुलाया गया। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से चारों ओर से आग पर पानी की बौछार कर उसे पूरी तरह बुझाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button