सावन की शुरुआत, शिवालयों में उमड़ी आस्था

ट्रैफिक प्लान लागू, कांवड़ियों के स्वागत की तैयारी

  • भोर से शिव मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
  • जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए लगी कतारें
  • 3 अगस्त के पहले सावन सोमवार की तैयारी तेज

लखनऊ। सावन मास की शुरुआत के साथ ही राजधानी लखनऊ शिवमय हो गई है। गुरुवार सुबह भोर से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना कर रहे हैं। पूरे शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। इस वर्ष सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिनमें पहला सोमवार 3 अगस्त को होगा।

प्रमुख शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन के पहले दिन मनकामेश्वर महादेव मंदिर, बुद्धेश्वर महादेव मंदिर, कोनेश्वर महादेव, चंद्रिका देवी परिसर स्थित शिव मंदिर, खाटू श्याम परिसर के शिवालय सहित शहर के अन्य प्राचीन शिव मंदिरों में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मेयर ने किए भगवान शिव के दर्शन

सावन की शुरुआत पर लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

पहले सावन सोमवार की तैयारी पूरी

मंदिर समितियों के अनुसार 3 अगस्त को पहले सावन सोमवार पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और दर्शन के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की जा रही है। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, भजन-कीर्तन और विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

आज से लागू हुआ ट्रैफिक प्लान

सावन को देखते हुए मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, सिद्धनाथ और कोनेश्वर मंदिरों के आसपास विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया है। आपातकालीन सेवाओं को छूट रहेगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक कंट्रोल रूम से सहायता ली जा सकेगी।

कांवड़ यात्रा और बाजारों में बढ़ी रौनक

हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और स्थानीय घाटों से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए जाएंगे। वहीं सावन शुरू होते ही फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, रुद्राक्ष और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, चौक और हजरतगंज क्षेत्र के बाजारों में सुबह से ही अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button