चीनी के बढ़ते दामों के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राहगीरों को बांटी मुफ्त चीनी

बापू भवन से विधानसभा तक प्रदर्शन

लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता एक-एक किलो चीनी के पैकेट लेकर बापू भवन से विधानसभा के बीच पहुंचे और राहगीरों को मुफ्त में चीनी बांटी। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

‘आओ PDA की चीनी ले लो’ के लगाए नारे
कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे बोरा बिछाकर चीनी के पैकेट रखे और राहगीरों को बांटते हुए ‘आओ PDA की चीनी ले लो’ की आवाज लगाई। कई राहगीर गाड़ियों से उतरकर चीनी के पैकेट लेने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कुछ लोगों के पास जाकर भी चीनी बांटी।

चीनी के दाम 75 रुपए तक पहुंचने का दावा
प्रदर्शन कर रहे रामप्रकाश मौर्य ने कहा कि महंगाई के बीच सपा कार्यकर्ता लोगों को ‘मोहब्बत’ और PDA की चीनी बांट रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चीनी की कीमत 75 रुपए किलो तक पहुंच गई है। उन्होंने सरकार से कीमतें कम करने और आम लोगों को राहत देने की मांग की।

E20 को लेकर सरकार पर निशाना
रामप्रकाश मौर्य ने चीनी की महंगाई के लिए E20 को जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल में चीनी मिलाई जा रही है, जिसका बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब तक E20 बंद नहीं होगा, चीनी के दाम बढ़ते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button