- यूपी के 50 शहरों में रुक-रुककर बारिश
- IMD ने सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया
- मथुरा, लखनऊ और बाराबंकी में जलभराव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा समेत करीब 50 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि अन्य जिलों में बादल छाए हुए हैं। मथुरा में भारी बारिश के कारण अंडरपास में करीब चार फीट तक पानी भर गया, जिससे कई दोपहिया वाहन डूब गए और लोगों को कमर तक पानी में चलना पड़ा।
लखनऊ और उन्नाव में सोमवार रात से लगातार रिमझिम बारिश जारी है। कई इलाकों में जलभराव, घरों में पानी घुसने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आई हैं। बाराबंकी में चार घंटे की मूसलाधार बारिश से बस स्टेशन परिसर में पानी भर गया।
भारी बारिश को देखते हुए रायबरेली में कक्षा 8 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। आगरा के कई निजी स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 72 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद के 24 और बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी बह रहा है और आवागमन प्रभावित हुआ है।









