UAE के शाही परिवार की बहू को सजा

बच्चे की देखभाल में लापरवाही का मामला

  • लंदन में सड़क किनारे बेहोश मिली थीं महराह अल नाहयान, दो साल रिहैब प्रोग्राम में रहना होगा

लंदन। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शाही परिवार से जुड़ी महराह अल नाहयान को लंदन में बच्चे की देखभाल में लापरवाही के मामले में सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने उन्हें दो साल तक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम में शामिल होने और करीब 7.7 लाख रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई के दौरान महराह ने स्वीकार किया कि घटना के समय उन्होंने कोकीन का सेवन किया था।

सड़क किनारे बेहोश मिली थीं महराह

यह घटना 13 जून को पश्चिमी लंदन में हुई थी। कोर्ट में बताया गया कि 32 वर्षीय महराह लोहे की रेलिंग के सहारे बेहोश पड़ी थीं। उनके पास एक अन्य व्यक्ति भी बेहोश था, जबकि उनका तीन साल का बच्चा बिना जूते पहने स्कूटर से खेल रहा था। बच्चा व्यस्त सड़क पर गुजर रहे वाहनों के करीब था।

वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्चे को अकेला देखा तो उसकी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने पुलिस के पहुंचने तक बच्चे को अपने पास सुरक्षित रखा। घटना का वीडियो भी एक व्यक्ति ने बनाया था।

करीब 30 मिनट तक बेहोश रहीं

कोर्ट के मुताबिक, महराह करीब 30 मिनट तक बेहोश रहीं। होश में आने के बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि वे इतनी चिंता क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि यह कोई कत्लखाना नहीं है और लोग इतने परेशान क्यों हैं।

बैग से मिला नशे के इस्तेमाल से जुड़ा सामान

पुलिस ने महराह के बैग की तलाशी ली। उसमें नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़ा सामान मिला, हालांकि कोई गैरकानूनी नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। अदालत में महराह ने घटना के समय कोकीन लेने की बात स्वीकार की।

अल नाहयान परिवार से जुड़ी हैं महराह

महराह अल नाहयान शादी के जरिए अबू धाबी के शासक परिवार अल नाहयान से जुड़ी हैं। यह परिवार UAE के सबसे प्रभावशाली शाही परिवारों में गिना जाता है। UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भी इसी परिवार से हैं और अबू धाबी के शासक हैं।

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अल नाहयान परिवार की कुल संपत्ति करीब 300 अरब डॉलर बताई जाती है। अदालत में यह भी बताया गया कि महराह को हर महीने लगभग 10 लाख रुपये मिलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button