लखनऊ कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग, 7 घंटे बाद भी काबू नहीं

चिनहट इलाके के कोल्ड स्टोरेज में सुबह 6:30 बजे लगी आग, 15 फायर ब्रिगेड गाड़ियां और रेस्क्यू टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार देखा गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और 2 हाइड्रोलिक मशीनें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।

सूचना के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे लगी आग ने कुछ ही समय में पूरे हिमालयन कोल्ड स्टोरेज को अपनी चपेट में ले लिया। लगभग 35 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में फिलहाल हल्दी, मिर्च, किराना सामान, लकड़ी और बुरादा रखा हुआ था, जिससे आग और तेजी से फैल गई।

राहत कार्य के दौरान करीब 5 घंटे बाद आग एक बार फिर तेज हो गई, जिसके चलते हालात और मुश्किल हो गए। 7 घंटे बीत जाने के बाद भी आग पूरी तरह से काबू में नहीं आ सकी है। एहतियातन पुलिस ने पास की दयाल रेजीडेंसी कॉलोनी के करीब 50 घरों को खाली करा लिया है।

मिर्च-मसाले के जलने से उठे धुएं ने फायर ब्रिगेड कर्मियों को भी काफी परेशान किया। कई कर्मचारी अंदर जाने के दौरान खांसी और जलन के कारण बाहर लौट आए। इसके बाद टिन शेड और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया।

कोल्ड स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

स्थानीय निवासी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया था और शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई मिर्च जला रहा है। वहीं निवासी कैलाशी अलका रानी ने बताया कि सुबह उठने पर पूरे इलाके में धुआं फैला हुआ था और सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button