
- आरओ सिस्टम 2000 लीटर क्षमता के वाटर चीलर से सुधारा जाएगा
- विद्युत आपूर्ति व प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट, सोलर स्ट्रीट लाइट व जनरेटर की मंजूरी
- लिंक मार्ग चौड़ीकरण से आवागमन आसान और सुरक्षित होगा
अंबेडकरनगर। स्थानीय अफजलपुर में स्थित आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालय में सांसद लालजी वर्मा और जिलाधिकारी अनुपम की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति और विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। प्राचार्य बी०के० यादव ने स्वागत किया तथा सदस्यों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्रम से सम्मान किया। बैठक में विद्यालय से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं और सुधारों पर विस्तार से चर्चा हुई।
आरओ सिस्टम और जल आपूर्ति की समीक्षा
वर्तमान में वरिष्ठ बालक सदन चार मंजिला है, परंतु प्रत्येक तल पर शुद्ध जल के लिए आर० ओ० सिस्टम उपलब्ध नहीं है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने 2000 लीटर क्षमता वाले वाटर चीलर आर० ओ० सिस्टम लगाने के लिए सहमति दी है। इससे छात्रों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था में सुधार
विद्यालय परिसर में विद्युत आपूर्ति में बाधा आने पर पूरी जगह अंधेरे में डूब जाती है। इस समस्या को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा दो हाई मास्ट लाइट, दस सोलर स्ट्रीट लाइट और 40 केवी का जनरेटर उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई है। यह कदम विद्यालय की सुरक्षा और शिक्षा के माहौल को बेहतर बनाएगा।
लिंक मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा
विद्यालय मुख्य मार्ग से लगभग तीन किलोमीटर दूर है। विद्यालय से जुड़ा लिंक मार्ग अत्यंत संकरा होने के कारण दो वाहनों का एक साथ आना-जाना संभव नहीं है। इस समस्या का समाधान करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को मार्ग चौड़ीकरण का आदेश दिया है। इससे आवागमन सुगम होगा और सुरक्षा में भी सुधार आएगा।









