लखनऊ में स्मार्ट मीटर पर बवाल

बिल बढ़ने और सर्वर डाउन से उपभोक्ता परेशान

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिल और तकनीकी खामियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग अपने स्थानीय पावर हाउस के अलावा 1912 मुख्यालय पहुंचकर लंबी लाइनों में खड़े होकर बिल जमा करने को मजबूर हैं।

शुक्रवार को बर्लिंगटन चौराहे स्थित 1912 मुख्यालय पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे, लेकिन यहां सर्वर डाउन होने के कारण कई लोगों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा। वहीं, कुछ लोग घंटों लाइन में खड़े रहे। इस दौरान एक महिला अपनी समस्या बताते-बताते रो पड़ी।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़कर आ रहा है। कुछ लोगों ने बताया कि बिल जमा करने के बाद भी बकाया दिखाया जा रहा है, जबकि कई मामलों में बिल माइनस में होने के बावजूद कनेक्शन काट दिया गया। इतना ही नहीं, कनेक्शन कटने के बाद भी मीटर की यूनिट लगातार बढ़ती जा रही है।

बालू अड्डा निवासी प्रीति कन्नौजिया ने बताया कि उन्होंने 1 अप्रैल को 1700 रुपए जमा किए थे, लेकिन अब उन्हें 4 हजार रुपए और जमा करने को कहा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सूचना के उनके मोहल्ले में पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगा दिए गए। इससे लोग नाराज हैं और विरोध की तैयारी कर रहे हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि वे कामकाज छोड़कर बिल जमा करने आते हैं, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण उन्हें राहत नहीं मिल रही। लोगों ने बिजली विभाग से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button