पुणे। पुणे के चर्चित लोहगढ़ किला हत्याकांड में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। रविवार को पुलिस ने आरोपी सिया गोयल को लोहगढ़ किले ले जाकर घटनास्थल पर हत्या का सीन रीक्रिएट कराया। इस दौरान पुलिस ने किले की दीवार से एक डमी नीचे गिराकर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की, ताकि 18 जून को हुई घटना की सभी कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पुलिस जांच में इस मामले में कई नए खुलासे हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर हत्या से पहले गूगल पर लोहगढ़ किले के ‘डेथ पॉइंट’, वहां तक पहुंचने का रास्ता और खाइयों से जुड़ी जानकारी खोजी थी। इसके अलावा दोनों ने कथित रूप से ‘जहर देकर कैसे मारें ताकि पुलिस को शक न हो’, ‘पुलिस की पूछताछ में क्या जवाब दें’ और ‘कौन-कौन से व्हाट्सएप मैसेज डिलीट करें’ जैसे सवाल भी इंटरनेट पर सर्च किए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि चेतन चौधरी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घटना वाले दिन अपना मोबाइल एक दुकान पर छोड़ दिया था और दूसरे मोबाइल का इस्तेमाल किया। पुलिस अब डिलीट किए गए व्हाट्सएप मैसेज की फोरेंसिक जांच भी करा रही है, ताकि दोनों के बीच हुई बातचीत और साजिश से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें।
शनिवार को पुलिस ने सिया गोयल के माता-पिता से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की थी। इससे पहले उसके भाई साहिल से भी लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी चेतन की बाइक, हुडी, हेडफोन समेत अन्य सामान भी जब्त कर लिया है, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।









