ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट के पास बुधवार रात स्लीपर एसी बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल है। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। 20 यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि कुछ यात्री खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहे।
हादसा जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर रात लगभग 11:30 बजे हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। शुरुआती जांच में एसी सिस्टम में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन में आग लगने की आशंका जताई गई है।
जलने की गंध के बाद भी नहीं रोकी बस, FIR में यात्री का दावा
FIR में यात्री सुनील कुमार ने बताया कि बस में पहले से जलने की गंध आ रही थी। उनके मुताबिक, ड्राइवर और क्लीनर सिगरेट पी रहे थे। यात्रियों ने इसका विरोध किया तो दोनों के हंसने की बात सामने आई।
आरोप है कि आग लगने के बाद भी ड्राइवर ने बस को तुरंत नहीं रोका। जब यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलना शुरू किया, तब बस रोकी गई। पुलिस FIR में दर्ज इन आरोपों की जांच कर रही है।
45 मिनट में बुझी आग, दो घंटे चला रेस्क्यू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक कर शव बाहर निकाले।
पूरी रेस्क्यू कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली। आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/delhi-wazirabad-minor-rape-hotel-social-media-friend/
बस पर 19 चालान, 1.75 लाख रुपये जुर्माना
पुलिस के मुताबिक, बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की है। वाहन के खिलाफ पहले 19 चालान किए जा चुके हैं और करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
हादसे के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बस के फिटनेस, परमिट और पुराने चालानों समेत अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।









