झांसी। जिले में शुक्रवार को तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झांसी में आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दोपहर तक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चार दिन पहले हुई बारिश के बाद मौसम साफ होने से बुधवार से तेज धूप और उमस का असर बढ़ गया था। गुरुवार को झांसी का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि देर रात करीब 12 बजे चली तेज आंधी से मौसम में बदलाव आया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
शुक्रवार सुबह भी धूप तेज रही, लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और हवाओं के झोंकों से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शाम तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि खराब मौसम के दौरान जर्जर भवनों, पुराने पेड़ों और टीन शेड के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।









