महिला आरक्षण को लेकर सपा सांसद के घर के बाहर प्रदर्शन

टांडा विधानसभा की महिलाओं ने किया विरोध, कई महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद

अम्बेडकरनगर। महिला आरक्षण मुद्दे को लेकर सोमवार को टांडा विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने सपा सांसद लालजी वर्मा के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज उठाई।

प्रदर्शन इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव के बाहर आयोजित किया गया। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे महिलाएं बैनर और पोस्टर लेकर एकत्रित हुईं और सांसद आवास के बाहर तक पहुंचीं। इस दौरान “महिलाओं को सम्मान चाहिए” जैसे नारे लगाए गए।

चार दिनों तक चलेगा कार्यक्रम

जानकारी के अनुसार जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की महिलाओं की ओर से यह कार्यक्रम अगले चार दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर जारी रहेगा। सोमवार को टांडा विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला नेत्री विद्यावती राजभर ने किया। प्रदर्शन में लता श्रीवास्तव, सुमन गुप्ता, भावना चौरसिया, बबिता चौरसिया, तारा देवी, नीतू तिवारी और सोनम सिंह समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया

भाजपा मंडल अध्यक्ष तेजस्वी जायसवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और नारी शक्ति वंदन के समर्थन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न महिलाएं शामिल हुई हैं, जिनमें भाजपा से जुड़ी महिलाएं भी मौजूद रहीं।

विरोध के बीच दिखा आपसी सामंजस्य

तेज धूप में प्रदर्शन के दौरान सांसद लालजी वर्मा के घर पर मौजूद समर्थकों ने महिलाओं को बैठने की व्यवस्था कराई और जलपान भी कराया। विरोध प्रदर्शन के बीच यह दृश्य चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button