अंबेडकरनगर। शिव बाबा मेले में परिजनों से बिछड़ी करीब ढाई वर्षीय बालिका को कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल उसके परिवार से मिला दिया। पुलिस की सक्रियता से बच्ची सुरक्षित परिजनों तक पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, मेले के दौरान आकृति नाम की करीब 2.5 वर्षीय बालिका अपने परिजनों से बिछड़कर इधर-उधर भटक गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली अकबरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास जानकारी जुटाने और आवश्यक प्रयासों के बाद बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया। पहचान और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बालिका को उसकी माता प्रीति, निवासी ग्राम वासुपुर बनियानी, थाना भीटी, के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की। मेले के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा और सहायता व्यवस्था लगातार सक्रिय रही।









