पति से बदला लेने के लिए मां ने 2 साल के बेटे की हत्या की

सोनीपत में पत्नी ने पति पर शक के चलते मासूम बेटे को पानी की हौदी में डुबोया, पुलिस जांच में खुली साजिश

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के मुंडलाना गांव में दो वर्षीय मासूम चिरांश की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चे की मां ने पति से रंजिश और शक के चलते अपने ही बेटे को पानी की हौदी में डुबोकर मार डाला। 29 जुलाई को हुई घटना को पहले हादसा माना गया था, लेकिन जांच में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

हादसा दिखाने के लिए रची साजिश

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिया ने घटना को हादसा साबित करने के लिए हौदी के पास कुर्सी रखी, दूध की बोतल पानी में छोड़ दी और एक सुसाइड नोट लिखकर घर से निकल गई। इसके बाद वह सीधे अपने मायके पहुंच गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

जांच में खुली सच्चाई

पुलिस जांच के दौरान हौदी में कम पानी होना, घटना के समय आरोपी का घर से गायब होना, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में सामने आए तथ्यों ने उसकी कहानी की पोल खोल दी। घटना से दो दिन पहले ही परिवार ने मासूम चिरांश का जन्मदिन मनाया था।

पति पर था अवैध संबंध का शक

पुलिस के अनुसार प्रिया की शादी करीब पांच वर्ष पहले मुंडलाना निवासी हरिओम से हुई थी। हरिओम नौकरी के कारण रोहतक में रहता था और सप्ताह में एक-दो बार ही घर आता था। प्रिया को शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button