नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। सरकार के मुताबिक, सौरव के पासपोर्ट में कई तरह की गड़बड़ियां मिली हैं। इनमें पिता के नाम का कॉलम खाली होना और जन्मस्थान, पढ़ाई व पते से जुड़ी जानकारियों में अंतर शामिल है। केंद्र ने आशंका जताई है कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोका
दरअसल, 23 नवंबर को सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। उन्हें ब्रिटेन की एक यूनिवर्सिटी में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। हालांकि, एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विदेश जाने की अनुमति नहीं दी।
24 नवंबर को हाईकोर्ट में दी चुनौती
विदेश यात्रा से रोके जाने के फैसले के बाद 24 नवंबर को सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए अदालत से राहत की मांग की। गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि सौरव के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। सरकार ने पासपोर्ट में मिली विसंगतियों को विदेश यात्रा पर रोक लगाने की वजह बताया है।









