महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की पहल, गांव-गांव चला ‘बहू-बेटी सम्मेलन’

अकबरपुर क्षेत्र के समेसा खाम और गौरा गांव में जागरूकता कार्यक्रम, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

अंबेडकरनगर। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर रविवार को अकबरपुर थाना क्षेत्र के समेसा खाम और गौरा गांव में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम का नेतृत्व अकबरपुर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, साइबर ठगी या अन्य अपराध की स्थिति में बिना डर पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

सम्मेलन में महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपात सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन नंबरों का उपयोग जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता के लिए किया जा सकता है।

जागरूकता से अपराध रोकथाम पर जोर

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता के जरिए अपराधों की रोकथाम भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।

ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याएं और सवाल भी रखे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया। ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई।

पुलिस की पहल की सराहना

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button