सिक्किम टनल हादसे में 10 मजदूरों की मौत, 17 अब भी फंसे

नामची जिले की सुरंग में लैंडस्लाइड से हादसा

  • एंट्री गेट बंद होने से 27 मजदूर फंसे
  • 10 मजदूरों की मौत, 17 की तलाश जारी
  • मीथेन गैस रिसाव से रेस्क्यू अभियान प्रभावित
  • एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और विशेष टीम बचाव में जुटी

गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग पर सोमवार को हुए लैंडस्लाइड के बाद बड़ा हादसा हो गया। सुरंग का प्रवेश द्वार बंद होने से अंदर मौजूद 27 मजदूर फंस गए। अब तक 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 17 मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

मामरिंग स्थित समरदुंग सुरंग में निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, सुरंग में फंसे मजदूरों की वास्तविक संख्या में बदलाव संभव है। मृतकों में तीन की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सुरंग में मीथेन गैस रिसाव की आशंका सामने आई है। गैस के कारण कई बचावकर्मियों को चक्कर आने और कुछ के बेहोश होने की सूचना है, जिससे राहत अभियान में कठिनाई आ रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे की सूचना दोपहर करीब 3:40 बजे मिली। इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों के साथ विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई है।

प्रशासन ने बताया कि सुरंग में पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल गैस मास्क पहनकर सुरंग के भीतर पहुंचने का प्रयास कर रहा है। यह सुरंग तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के तहत बनाई जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button