अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सरकारी कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अकबरपुर में निबंधन विभाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने वर्चुअल माध्यम से सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय और उप निबंधक सदर अकबरपुर के नए भवन का उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) की ओर से निर्मित इस परिसर पर 3 करोड़ 55 लाख 76 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।
नवनिर्मित भवन के लोकार्पण से जनपद में निबंधन संबंधी प्रशासनिक कार्यों को बेहतर वातावरण और सुविधायुक्त परिसर उपलब्ध होगा। आधुनिक आधारभूत संरचना से युक्त इस इमारत का निर्माण विभागीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कराया गया है। इससे कार्यालयों के नियमित संचालन के साथ नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं के लिए भी बेहतर व्यवस्था विकसित होगी।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय तथा जिला पंचायत प्रशासक साधु वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्टांप एवं निबंधन विभाग की ओर से आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों ने नए भवन को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस पहल से अकबरपुर स्थित निबंधन विभाग के कार्यालयों को व्यवस्थित कार्यस्थल मिलेगा। साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कामकाज के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शासन की ओर से सरकारी संस्थानों के आधुनिकीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार के तहत किए जा रहे प्रयासों की कड़ी में इसे अहम कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर aig अयोध्या जगदम्बा शुक्ला, अकबरपुर सब रजिस्ट्रार अभिषेक सिंह, टांडा रजिस्ट्रार सत्येंद्र यादव उपस्थित रहे।









