कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि अमेरिका ने यूक्रेन को NATO की सदस्यता देने के बदले डोनबास क्षेत्र से अपनी सेना हटाने और यह इलाका रूस को सौंपने का सुझाव दिया है। जेलेंस्की के कार्यालय ने शनिवार को उनका यह बयान जारी किया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यूक्रेन अपनी जमीन रूस को नहीं सौंपेगा।
जेलेंस्की के मुताबिक, अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच हुई शांति वार्ता के दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने पहली बार यह प्रस्ताव रखा था। उन्होंने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने उनसे पूछा था कि यदि यूक्रेन को NATO की सदस्यता दी जाती है, तो क्या वह डोनबास से अपनी सेना हटा लेगा।
जेलेंस्की बोले- मैं अकेले फैसला नहीं ले सकता
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन किसी भी शांति समझौते के लिए सुरक्षा की पक्की गारंटी चाहता है। यदि अमेरिका और NATO के दूसरे सहयोगी देश ऐसी गारंटी देते हैं, तो वह इस प्रस्ताव पर यूक्रेन की जनता की राय लेंगे। इसके लिए देश में जनमत संग्रह भी कराया जा सकता है।









