- फुजैराह में देर रात हुआ भीषण हादसा, 30 लोग घायल
- मृतकों में केरल के एक ही परिवार के तीन सदस्य, जुड़वा भाई-बहन भी शामिल
- कई शव बुरी तरह झुलसे, पहचान के लिए कराई जा रही DNA जांच
फुजैराह। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों में आग लग गई। कुछ शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके चलते मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच कराई जा रही है।
सात देशों के नागरिकों की गई जान
UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में सात देशों के नागरिक शामिल हैं। इनमें UAE, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक हैं।
हादसे में घायल सभी 30 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से करीब आधे लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी घायलों का उपचार जारी है।
केरल के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों भारतीय केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले थे। उनकी पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वा बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से थे। हादसे में जुड़वा भाई-बहन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
केरल सरकार ने मदद के दिए निर्देश
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों के परिवार की मदद के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
वहीं, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी तीन भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।









