व्हाइट हाउस के पास 3 बंदूकों के साथ वेनेजुएलाई युवक गिरफ्तार

सीक्रेट सर्विस को चोरी की कार में मिला युवक; DHS के मुताबिक, उसने कहा- सिर में आवाजें आती हैं, जो ट्रम्प की हत्या के लिए कहती हैं

वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास एक वेनेजुएलाई युवक को तीन बंदूकों और कई कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, युवक की पहचान रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अधिकारियों का आरोप है कि उसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मारने की बात कही थी।

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार, 5 नवंबर की रात कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर एक नीली फोर्ड F-150 पिकअप को संदिग्ध हालत में खड़ा देखा। कार में युवक अकेला सो रहा था। अधिकारियों ने उसकी स्थिति जानने के लिए उससे पूछताछ शुरू की।

DHS के अनुसार, बातचीत के दौरान युवक ने बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति ट्रम्प को मारने के लिए कहती हैं। इसके बाद अधिकारियों ने कार की तलाशी ली। जांच में पता चला कि वाहन चोरी की रिपोर्ट में दर्ज था।

गूगल ट्रांसलेट की मदद से अधिकारियों से की बात

युवक अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था। ऐसे में उसने अधिकारियों से बातचीत के लिए गूगल ट्रांसलेट का इस्तेमाल किया। उसने बताया कि उसके पास हथियार हैं और वे कार में रखे हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, युवक ने दावा किया कि कुछ लोगों ने उसे मारने की कोशिश की थी। उसने उनसे एक बंदूक छीन ली थी और उसे कार में रखे भूरे रंग के बैग में रखा था। उसने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले उसने कुछ हथियार खरीदे थे।

युवक ने अधिकारियों से कहा कि वह अपने पास मौजूद हथियार सरकार को सौंपना चाहता है। उसने यह भी दावा किया कि वह चोरी की कार में रह रहा था।

कार से AR-15, मैक-10 और ग्लॉक पिस्टल बरामद

सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने कार की तलाशी के दौरान तीन हथियार बरामद किए। इनमें एक AR-15 स्टाइल राइफल, मैक-10 हैंडगन और ग्लॉक 43X पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा कार से कई कारतूस भी मिले।

DHS के मुताबिक, युवक के खिलाफ हथियारों के अवैध परिवहन और रखने, बिना लाइसेंस पिस्टल रखने, चोरी के वाहन के इस्तेमाल और चोरी की संपत्ति रखने समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल वह अमेरिकी मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है।

2024 में अमेरिका आया था युवक

DHS के अनुसार, क्रिनोस मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) ने उसके खिलाफ हिरासत संबंधी कार्रवाई भी शुरू की है।

अधिकारियों ने इस घटना को व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा के लिहाज से गंभीर बताया है। हालांकि, युवक के कथित बयान और हथियारों की बरामदगी के आधार पर जांच जारी है। अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि उसके पीछे कोई संगठित साजिश या नेटवर्क था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button