लखनऊ। पारा क्षेत्र में एक कार चालक पर महिला स्वास्थ्यकर्मी से ट्रांसफर कराने के नाम पर ठगी और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि कार चालक ने खुद को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कर्मी बताकर सरकारी अस्पताल से उसका तबादला कराने का भरोसा दिया और ऑनलाइन 5,500 रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपी फोन कर उसे परेशान करने लगा और धमकी भी देने लगा। महिला की शिकायत पर पारा पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रास्ते में कार में बैठाया
एसीपी काकोरी शकील अहमद के मुताबिक, काकोरी क्षेत्र की रहने वाली महिला उन्नाव के एक सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी है। महिला ने पुलिस को बताया कि 17 सितंबर को वह ड्यूटी पर जा रही थी। आगरा एक्सप्रेसवे के पास सवारी बैठाने की बात कहकर ठाकुरगंज के मल्लाही टोला निवासी कार चालक विनोद कुमार ने उसे अपनी कार में बैठा लिया।
महिला के मुताबिक, बगरामऊ पहुंचने से पहले चालक ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद उसने खुद को उपमुख्यमंत्री का कर्मी बताया और सरकारी अस्पताल से महिला का ट्रांसफर कराने का भरोसा दिया।
पति को छोड़ने की धमकी देने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि ट्रांसफर कराने के नाम पर विनोद ने उससे ऑनलाइन 5,500 रुपये ले लिए। इसके बाद वह लगातार फोन कर उसे परेशान करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके पति को छोड़ने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
कार में छेड़छाड़ का आरोप
महिला के अनुसार, मंगलवार सुबह आरोपी कार लेकर तिकोनिया चौराहे के पास पहुंचा। महिला उसके वाहन में बैठी तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
महिला कार से उतरकर अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। इसी दौरान आरोपी भीड़ को चकमा देकर कार लेकर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/lucknow-power-cut-40-areas/
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
पारा पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









