क्यों हो रही है टीम इंडिया में सीनियर खिलाड़ियों की विदाई?

  • विराट के बाद टेस्ट टीम का भविष्य अधर में!
  • क्या गिल-पंत की जोड़ी संभालेगी टेस्ट टीम की कमान?
  • कौन बनेगा नया ओपनर? राहुल या कोई नया चेहरा?

नई दिल्ली। रोहित शर्मा के 7 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब खबरें हैं कि विराट कोहली ने भी BCCI से टेस्ट से रिटायरमेंट की इच्छा जताई है। हालांकि, बोर्ड उन्हें मनाने की कोशिशों में जुटा है। यदि विराट भी टेस्ट से अलग हो जाते हैं तो भारतीय टीम के पास रवींद्र जडेजा को छोड़कर कोई ऐसा अनुभवी खिलाड़ी नहीं बचेगा जिसने 60 से ज्यादा टेस्ट खेले हों। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि टेस्ट टीम की प्लेइंग-11 में रोहित और विराट की जगह कौन लेगा?

गिल और पंत हो सकते हैं टीम के नए नेता

सूत्रों के अनुसार, शुभमन गिल को टेस्ट टीम का कप्तान और ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया जा सकता है। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को देखते हुए उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देना फिलहाल मुश्किल माना जा रहा है। BCCI अधिकारियों का कहना है कि अगर बुमराह कप्तान नहीं बनते, तो उन्हें उपकप्तान बनाने का कोई औचित्य नहीं है।

रोहित की जगह कौन होगा ओपनर?

रोहित शर्मा ने बीते 6 सालों में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बतौर ओपनर अहम भूमिका निभाई। अब उनकी जगह लेने के लिए कई युवा खिलाड़ी सामने आ रहे हैं।

  • केएल राहुल: यशस्वी जायसवाल के साथ पहले भी ओपनिंग कर चुके हैं।
  • शुभमन गिल: मिडल ऑर्डर में खेल रहे हैं, लेकिन दोबारा ओपनिंग में लौट सकते हैं।
  • साई सुदर्शन: 23 वर्षीय इस बल्लेबाज ने IPL और काउंटी क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
  • देवदत्त पडिक्कल: नई गेंद के खिलाफ बढ़िया तकनीक, फर्स्ट क्लास में 6 शतक।
  • अभिमन्यु ईश्वरन: 101 फर्स्ट क्लास मैच, 27 शतक, लंबे समय से इंडिया-A का हिस्सा।
  • ऋतुराज गायकवाड: हालांकि फोकस व्हाइट बॉल पर ज्यादा, फिर भी नाम रेस में।

विराट की जगह मिडिल ऑर्डर में कौन आएगा?

विराट कोहली के नंबर-4 पर खेलने से मिडिल ऑर्डर में उनका अनुभव और क्लास टीम की रीढ़ था। अब उनकी जगह भरने के लिए भी कुछ नाम आगे आए हैं।

  • श्रेयस अय्यर: 14 टेस्ट में 1 शतक, 5 अर्धशतक, मजबूत उम्मीदवार।
  • रजत पाटीदार: विराट की गैरहाजिरी में पहले भी मौका मिला, लेकिन अब तक कोई बड़ी पारी नहीं।
  • सरफराज खान: डेब्यू में अच्छा प्रदर्शन, लेकिन विदेशी दौरों पर परखा जाना बाकी।
  • ध्रुव जुरेल: विकेटकीपर-बल्लेबाज, तकनीक मजबूत, भविष्य के इन्वेस्टमेंट के तौर पर देखे जा रहे हैं।
  • करुण नायर: घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म, भारत के लिए तिहरा शतक लगाने वाले गिने-चुने बल्लेबाजों में शामिल।

जडेजा इकलौते सीनियर खिलाड़ी

यदि विराट भी संन्यास लेते हैं तो रवींद्र जडेजा टेस्ट टीम में अकेले अनुभवी खिलाड़ी रह जाएंगे। जडेजा का करियर 12 साल से ज्यादा पुराना है, लेकिन पिछले कुछ महीनों में युवाओं को प्राथमिकता देने की नीति के चलते उनके भविष्य पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

ईशांत शर्मा, उमेश यादव और ऋद्धिमान साहा जैसे खिलाड़ियों को भी रिटायरमेंट से पहले ही टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।

इंग्लैंड दौरे से होगी नई टेस्ट टीम की शुरुआत

भारत 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज खेलेगा। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की नई साइकल की शुरुआत भी होगी। टीम इंडिया का स्क्वॉड 23 मई तक जारी किया जा सकता है। नए कप्तान और बदली हुई टीम के साथ भारत एक नई दिशा में कदम रखने को तैयार दिख रहा है।

Related Posts

डेमियन मार्टिन मेनिन्जाइटिस के कारण अस्पताल में भर्ती

ब्रिस्बेन। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज डेमियन मार्टिन को मस्तिष्क झिल्ली में सूजन (मेनिन्जाइटिस) के कारण ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में वे इंड्यूस्ड कोमा में हैं…

Continue reading
मेलबर्न टेस्ट से स्टार्क और इंग्लिश पेसर्स को ICC रैंकिंग में बड़ा फायदा

बुधवार को जारी ICC रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों को मेलबर्न में खेले गए चौथे एशेज टेस्ट से फायदा मिला। मुख्य बिंदु: जोश टंग का फायदा गस…

Continue reading